
निवाई में पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों के व्यावहारिक ज्ञान, डिजिटल साक्षरता और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘प्रबल’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने 21वीं सदी के कौशल सीखने के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

आधुनिक कौशल विकसित करने पर दिया जोर
कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक रवि प्रकाश शर्मा मुख्य अतिथि और सीबीईओ मंजू मीणा विशिष्ट अतिथि रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को व्यावहारिक समझ विकसित करने, आधुनिक कौशल सीखने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानाचार्य गिरिराज प्रसाद गुर्जर ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में समस्या समाधान की क्षमता और डिजिटल कौशल को बढ़ावा देना है। विद्यार्थियों ने आशु भाषण, नाट्य प्रदर्शन और पैनल चर्चा जैसी गतिविधियों में उत्साह के साथ भाग लिया।
सचिन गुर्जर और अनुष्का वर्मा रहे प्रथम
प्रतियोगिताओं में मंडालिया के सचिन गुर्जर और निवाई की अनुष्का वर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में भामाशाह लक्ष्मण गुर्जर (चिलिंग प्लांट) और 51 हजार रुपए की राशि देने वाले उपप्रधानाचार्य हजारीलाल बैरवा का भी सम्मान किया गया। मंच संचालन व्याख्याता मोहरपाल गुर्जर ने किया।



