
निवाई-पीपलू विधायक रामसहाय वर्मा को ग्रामीणों ने 3 किलोमीटर लंबी बीटी सड़क के निर्माण की प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति दिलाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। यह सड़क ढाबा के बालाजी से बनवारी लाल यादव की ढाणी होते हुए बेगमपुरा तक बननी है।
ग्रामीणों ने बताया कि यह मुख्य कच्चा मार्ग वर्षों से जर्जर स्थिति में है। मानसून और बारिश के दिनों में किसानों, स्कूली विद्यार्थियों और आम राहगीरों का आवागमन बेहद कठिन हो जाता है, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
राजस्थान संपर्क पोर्टल पर शिकायत दर्ज होने के बाद पीडब्ल्यूडी (लोक निर्माण विभाग) ने स्थल निरीक्षण और तकनीकी जांच की थी। विभाग ने 13 दिसंबर 2025 को 187.20 लाख रुपए (1.872 करोड़ रुपए) का तकनीकी एस्टीमेट तैयार किया था।
हालांकि, एस्टीमेट बनने के आठ माह बीत जाने के बाद भी अब तक इस परियोजना को प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति जारी नहीं हो सकी है। ग्रामीणों ने विधायक से इस प्रस्ताव को प्राथमिकता के आधार पर सरकार के स्तर पर आगे बढ़ाने की मांग की।
ग्रामीणों ने विधायक से आगामी बजट में इस परियोजना को शामिल करवाने और लंबित प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति जल्द से जल्द जारी करवाकर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने का आग्रह किया। सड़क निर्माण पूरा होने से रानोली, बेगमपुरा और आसपास की ढाणियों के सैकड़ों लोगों को आवागमन में सीधी राहत मिलेगी।





