
राज्य निर्वाचन आयोग चुनाव ने निकाय चुनाव का शेड्यूल जारी कर दिया है। जिले में दो चरणों में चुनाव होंगे। पहले फेज की वोटिंग 9 सितंबर और दूसरे फेज की वोटिंग 11 सितंबर को होगी।
चुनाव परिणाम 14 सितंबर को आएगा। राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने कहा- 27 अगस्त को निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन शुरू हो जाएंगे। 3 सितंबर तक नाम वापसी होगी। निकाय प्रमुखों का चुनाव 21 सितंबर को होगा, जबकि उपाध्यक्ष का चुनाव 22 सितंबर को होगा।
इसी दिन नगर निगम, नगर परिषदों और नगरपालिकाओं की साधारण सभा की बैठक होगी, उसी बैठक में डिप्टी मेयर, उपसभापति, नगरपालिका उपाध्यक्ष के चुनाव होंगे।
टोंक जिले में निकायों का चुनावी कार्यक्रम
- 9 सितंबर को निवाई, पीपलू, देवली, उनियारा और दूनी नगर पालिका में वोटिंग होगी।
- 11 सितंबर को टोंक नगर परिषद के अलावा मालपुरा, टोडारायसिंह, लांबाहरिसिंह, डिग्गी नगर पालिका में मतदान होगा।
आचार संहिता लगने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर शहरी क्षेत्रों में राजनीतिक पार्टियों के होर्डिंग, बैनर आदि हटाना शुरू कर दिया है।


सभी शहरी निकायों में आचार संहिता लागू
309 शहरी निकायों में 10 नगर निगम, 47 नगर परिषद और 248 नगरपालिकाओं को मिलाकर 10,245 पार्षद पदों पर चुनाव होंगे। निकाय चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही सभी 309 शहरी निकायों में तत्काल प्रभाव से आचार संहिता लागू हो गई।
निकाय चुनावों की प्रक्रिया पूरी होने तक आचार संहिता लागू रहेगी। आचार संहिता में शहरी क्षेत्रों में विकास के नए कामों की घोषणा नहीं हो सकेगी। नया वर्क ऑर्डर भी नहीं दिया जा सकेगा। पहले से चल रहे काम जारी रहेंगे, लेकिन कोई नया काम शुरू नहीं कर सकेंगे।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद हो रहे हैं चुनाव
हाईकोर्ट ने निकाय और पंचायत चुनावों में देरी को लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए 15 नवंबर तक दोनों के चुनाव करवाने के आदेश दिए थे। 15 अगस्त तक लॉटरी प्रक्रिया पूरी करने के भी आदेश दिए थे। स्वायत्त शासन विभाग ने निकाय प्रमुखों और वार्डों के आरक्ष्ण की लॉटरी प्रक्रिया पूरी कर सभी डेटा राज्य निर्वाचन आयोग को भिजवा दिए हैं।










