
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन (सरकार में) के 25 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में बुधवार को टोंक में सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। अग्रवाल धर्मशाला से शुरू हुई यात्रा भाजपा कार्यालय पहुंचकर सम्पन्न हुई। यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ युवाओं की भी बड़ी भागीदारी रही।

इससे पूर्व अग्रवाल धर्मशाला में आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा में जिला प्रभारी मंत्री हीरालाल नागर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का संबोधन भी सुना। आयोजन के माध्यम से सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जनभागीदारी से जोड़ने का संदेश दिया गया। जिला प्रभारी मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 से अब तक गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक मोदी की यात्रा ऐतिहासिक रही है, गरीब परिवार से निकले व्यक्ति ने अपने गुणों के आधार पर करोड़ों लोगों को साथ लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में देश का नेतृत्व किया।
प्रदेश मंत्री अपूर्वा सिंह ने कहा कि यह यात्रा गरीबी से मुक्ति, सुरक्षित भारत, धारा 370 हटाने, नक्सलवाद के खात्मे, राम मंदिर और काशी विश्वनाथ मंदिर निर्माण, आधारभूत ढांचे के विस्तार तथा गरीबों के जीवन में बदलाव की यात्रा है। जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत निकाली जा रही यात्राओं का उद्देश्य प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की यात्रा को जनभागीदारी से जोड़ना तथा उनके नेतृत्व में हुए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाना है।
इसके बाद सेवा ज्योति यात्रा अग्रवाल धर्मशाला से शुरु होकर बड़ा कुआ से मुख्य बाजार होकर घंटाघर, गांधी पार्क होकर कंकाली माता मोड से भाजपा कार्यालय पहुंचा। इस दौरान जिला प्रभारी रामानंद गुर्जर, चुनाव प्रभारी अनिता भदेल, विधायक राजेंद्र गुर्जर, विधायक रामसहाय वर्मा, पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया, पूर्व विधायक अजीत सिंह मेहता, पूर्व जिला प्रमुख सत्यनारायण चौधरी, पूर्व जिलाध्यक्ष सतीश चंदेल, पूर्व सभापति लक्ष्मी जैन, जिला महामंत्री संतकुमार जैन, प्रभु बाडोलिया, विष्णु शर्मा आदि मौजूद रहे।




