
निवाई पुलिस ने सोलर प्लांट से 16 लाख रुपए की केबल चोरी के मामले में दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 20 किलो डीसी वायर की केबल बरामद की है। ये बदमाश दिन में रैकी करते थे और रात में चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।
पूछताछ में आरोपियों ने निवाई, जयपुर और दौसा समेत कई इलाकों में करीब एक दर्जन चोरी और नकबजनी की वारदातें कबूली हैं। वे सुनसान मकानों, खेतों में लगे ट्यूबवेल और सोलर प्लांट को निशाना बनाते थे। केबल काटकर चोरी करते थे और घरों से सोने-चांदी के गहने भी चुराते थे।
जाली काटकर सोलर प्लांट में घुसे, 16 लाख की केबल चुराई थाना प्रभारी घासीराम ने बताया- 19 जुलाई की रात करीब 2 बजे ग्राम डांगरथल के सविता सोलर प्लांट में चोर जाली काटकर घुसे थे। उन्होंने प्लांट के इन्वर्टर नंबर छह से डीसी वायर की केबल काट ली थी। चोरी गई केबल की कीमत लगभग 16 लाख रुपए थी।

पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 20 किलो डीसी वायर की केबल बरामद की है।
सुबह प्लांट के कर्मचारियों को चोरी का पता चला। चौकीदार पंकज रसगोन की रिपोर्ट पर निवाई थाने में मामला दर्ज किया गया। एसपी रोशन मीना के निर्देश पर थानाधिकारी घासीराम के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई। पुलिस टीम ने इलाके में गश्त और निगरानी बढ़ाई, तकनीकी सबूत जुटाए और संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी।
केबल और जेवर चोरी की कई वारदातें कबूलीं इसके बाद शोभाग उर्फ नाथर मोग्या (25) निवासी संग्रामपुरा, निवाई और नरेन्द्र मोग्या (30) निवासी चमन विहार कॉलोनी, चाकसू को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों ने लोदेडा के सोलर प्लांट से तांबे की केबल चोरी, महाराजपुरा में कुएं पर लगे सौर ऊर्जा संयंत्र से केबल चोरी, विकास कॉलोनी और जुगलपुरा रैगरों की ढाणी में घरों से सोने-चांदी के गहने चोरी की वारदातें भी कबूली हैं।
इसके अलावा, उन्होंने शिवदासपुरा क्षेत्र में केबल चोरी, जोधपुरिया और गुन्सी में चोरी, हिंडौन सिटी की नई मंडी और फागी क्षेत्र में नकबजनी की वारदातों में शामिल होने की बात भी मानी है। जयपुर और दौसा क्षेत्र में भी उन्होंने चोरी और नकबजनी की कई वारदातें की हैं।
रेलवे ट्रैक पर ट्रेन गिराने का प्रयास पूछताछ में आरोपियों ने चनानी रेलवे ट्रैक पर रेल लाइन का टुकड़ा रखकर ट्रेन को दुर्घटनाग्रस्त करने का प्रयास करने की बात भी बताई है। इस गंभीर मामले में पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी घासीराम, एएसआई मीठालाल, एएसआई जीतपाल, हेड कॉन्स्टेबल शंकरलाल, हेड कॉन्स्टेबल मुकेश और कॉन्स्टेबल मनप्रीत टीम में शामिल रहे।




