
खेल मैदान संघर्ष समिति मेहंदवास के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय रात्रि कबड्डी प्रतियोगिता में सोनवा की टीम ने खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में इलाके ही की 14 टीमों ने हिस्सा लिया, सेमीफाइनल मुकाबलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सोनवा व प्यावड़ी की टीमें फाइनल में पहुंचीं।

इससे पहले सेमीफाइनल में प्यावड़ी ने मेहंदवास-बी को हराकर व दूसरे सेमीफाइनल में सोनवा ने गौहरपुरा को शिकस्त देकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। फाइनल में सोनवा और प्यावड़ी के बीच हुए रोमांचक मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने दमदार खेल का प्रदर्शन किया, आखिरकार सोनवा ने 35-30 के अंतर से जीत दर्ज कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में सुमित ढाका को बेस्ट रेडर चुना गया, जबकि प्यावड़ी के आसिफ खान को मैन ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार दिया गया।



