टोंक,

नगर परिषद के नवनिर्वाचित सभापति मयंक गोयल पदभार संभालने के बाद लगातार शहर के विकास कार्यों और व्यवस्थाओं को समझने में जुटे हैं। सोमवार को उन्होंने धन्ना तलाई क्षेत्र पहुंचकर ड्रेनेज सिस्टम और निर्माणाधीन धन्नातलाई पार्क का निरीक्षण किया। इसके बाद ऐतिहासिक चतुर्भुज तालाब पहुंचकर विकसित किए जा रहे पार्क व आसपास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

धन्नातलाई पार्क में उन्होंने चल रहे निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों से लेकर कहा कि विधायक सचिन पायलट की मंशा के अनुरूप पार्क को शहरवासियों के लिए सुंदर और सुविधायुक्त सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है।
चतुर्भुज तालाब के निरीक्षण के दौरान सभापति ने पार्क के विकास कार्यों की जानकारी लेकर कहा कि तालाब को नई दिशा में विकसित करने की योजना पर काम किया जा रहा है। यहां बेहतर सुविधाओं के साथ पार्क विकसित करने के साथ भविष्य में वोटिंग सुविधा शुरू करने की दिशा में भी काम किया जाएगा, ताकि शहरवासियों को मनोरंजन और पर्यटन विकास के लिए बेहतर स्थान मिल सके।
पार्क-तालाब में विकास कार्य : धन्नातलाई पार्क में वॉकवे, पेड़-पौधे, फव्वारा, बच्चों के झूले-बेंच, तालाब की फेंसिंग, घास, हेरिटेज लाइट पोल और सजावटी छतरी का काम कराया जा रहा है। वहीं चतुर्भुज तालाब में बैठने के लिए सीढ़ियां, चारदीवारी, कोबल स्टोन वॉकवे, पेड़-पौधे और हरी घास से पार्क विकसित किया जा रहा है। तालाब में आ रहे गंदे पानी की सफाई के लिए वेस्ट वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट भी बनाया जा रहा है। दोनों स्थानों का सभापति मयंक गोयल ने निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति जानी और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।





