
टोंक जिले के निवाई स्थित देवधाम जोधपुरिया मंदिर में बुधवार तड़के दुकानों में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि 12 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। आग दुकान में रखे सिलेंडर के फटने से लगी।

सिलेंडर फटने से लगी आग
सदर थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया – सुबह करीब 4 बजे देवधाम जोधपुरिया परिसर में एक दुकान में दुकानदार चाय बनाने के लिए सिलेंडर चालू कर रहा था। इस दौरान अचानक सिलेंडर में आग लग गई। आग लगते ही दुकानदार तुरंत दौड़कर बाहर की और भागा। आग इतनी भीषण थी कि आसपास मौजूद करीब 12 दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
ये सभी दुकानें प्रसाद, कॉस्मेटिक, महिलाओं के लिए चुड़िया आदि फैंसी सामानों की थी।
2 घंटे में पाया काबू
आग की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस और मंदिर परिसर की पुलिस चौकी टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। दो घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई गई। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। आगजनी में दुकानों में रखा लाखों का सामान जलकर राख हो गया। फिलाहल मौके पर पटवारी और पुलिस नुकसान का आकलन कर रहे हैं।
आग से देवराज, सीताराम छावड़ी, खुशीराम, सुरज्ञान, बलवी, कानाराम, बद्री भड़ाणा, मनराज , राजाराम पुत्र हरजी, सुरेश, भगवान और दिलखुश की दुकानें प्रभावित हुईं। मंदिर ट्रस्ट के महामंत्री रतनदीप गुर्जर ने मौके पर हालात देखे।

सुबह करीब 4 बजे दुकान में सिलेंडर फटने से आग लग गई।

आग इतनी भीषण थी कि आसपास की करीब 12 दुकानों को चपेट में ले लिया।

मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने 2 घंंटे की मशक्कत से आग पर काबू पाया।





