घाड़, 17 घंटे पहले

सतवाड़ा गांव में कुएं में गिरने से 35 वर्षीय युवक मुकेश बैरवा की मौत हो गई। यह हादसा नहाते समय पैर फिसलने से हुआ। मुकेश बालूंदा पंचायत के सतवाड़ा गांव का रहने वाला था।

मुकेश पुत्र गोपी लाल बैरवा खाद के कट्टे उतारने के बाद भेरूजी की बणी के पास अपने खेत पर बने कुएं पर नहाने गया था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे कुएं में जा गिरा।
परिजनों को दोपहर करीब 12 बजे घटना का पता चला। उन्होंने तुरंत घाड़ थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से मुकेश के शव को कुएं से बाहर निकाला।
पुलिस ने शव को दूनी राजकीय अस्पताल की मोर्चरी पहुंचाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया। मुकेश खेती और मजदूरी कर परिवार चलाता था। उसके पीछे 10 साल का बेटा और 8 साल की बेटी हैं। घाड़ थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।





