झिलाई (निवाई), टोंक। 17 घंटे पहले

भगतपुरा गांव में तेज आंधी के दौरान एक घटना हुई। गांव के प्राचीन हीरामन बाबा मंदिर पर वर्षों पुराना एक विशाल पेड़ अचानक गिर गया। इससे मंदिर का ढांचा पूरी तरह टूटकर ढह गया।

ग्रामीण सरदार गुर्जर ने बताया कि शाम को तेज आंधी चल रही थी। इसी दौरान मंदिर के पास खड़ा पुराना पेड़ हवा से जड़ सहित उखड़कर मंदिर पर जा गिरा। पेड़ का वजन ज्यादा होने से मंदिर की छत और बाकी हिस्सा दबकर गिर गया।
घटना के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पेड़ हटाने की कोशिश की। ग्रामीणों ने बताया कि हीरामन बाबा का यह मंदिर बहुत पुराना है और स्थानीय लोगों की आस्था का बड़ा केंद्र है।
मंदिर टूटने की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने प्रशासन से मौके का जायजा लेने और दोबारा बनाने में मदद करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि वे सब मिलकर मंदिर को फिर से बनाएंगे।





