
श्योसिंहपुरा गांव के योगेश्वर महादेव मंदिर में श्रावण मास के उपलक्ष्य में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें कलश यात्रा, कावड़ यात्रा और सहस्त्र घट का आयोजन प्रमुख रहा।
मंदिर समिति के संचालक नाथू लाल नाथ ने बताया कि सहस्त्र घट के आयोजन से पूर्व सुबह 8 बजे छीला वाले बालाजी मंदिर से पूजा अर्चना के बाद कलश यात्रा शुरू हुई। इस यात्रा में 105 महिलाएं नए परिधानों में सज-धजकर सिर पर कलश रखकर चल रही थीं।
कलश यात्रा सिरस रोड और गांव के मुख्य रास्तों से होते हुए योगेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। यहां आचार्य सीताराम दाधीच ने पूजा अर्चना कर कलश स्थापना करवाई। इसी दिन एकलिंग नाकेश्वर महादेव मंदिर के कुंड से जल भरकर कावड़ यात्री भी योगेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे।
कावड़ यात्रा संचालक राकेश योगी ने बताया कि यात्रा को पूजा अर्चना के बाद रवाना किया गया था। श्योसिंहपुरा पहुंचने पर ग्रामीणों ने कावड़ियों का माला पहनाकर स्वागत किया। मंदिर पहुंचने पर मंत्रोच्चारण के साथ शिवजी का कावड़ के जल से अभिषेक किया गया।
दोपहर में मंदिर में सहस्त्र घट का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों लोगों ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। सहस्त्र घट के बाद भगवान की झांकी सजाई गई और महा आरती का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में रतिराम योगी, रामस्वरूप, पोखरलाल, सौभाग चंद, रामेश्वर योगी, बाबूलाल, विजय नारायण योगी सहित गांव के अन्य लोग उपस्थित थे।





