
शहर में इन दिनों हॉकी का रोमांच चरम पर है। सआदत पैवेलियन ग्राउंड पर जैसे-जैसे राज्य स्तरीय अंडर-17 हॉकी प्रतियोगिता खिताबी दौर की ओर बढ़ रही है, वैसे-वैसे मुकाबलों में रोमांच और खिलाड़ियों में जीत की भूख बढ़ती जा रही है। सुपर लीग के पहले राउंड में रविवार को चार मुकाबले खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों ने मैदान पर पूरा दमखम झोंक दिया। हर गोल के साथ दर्शकों में उत्साह देखने को मिला। मदर लैंड सीनियर सेकंडरी स्कूल के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता के चौथे दिन सुपर लीग के मुकाबलों में श्रीगंगानगर ने हॉकी एकेडमी जयपुर को 3-2 से हराकर शानदार शुरुआत की। दोनों टीमों के बीच मुकाबला काफी संघर्षपूर्ण रहा और अंतिम समय तक रोमांच बना रहा। दूसरे मुकाबले में हनुमानगढ़ ने शार्दुल स्पोर्ट्स स्कूल बीकानेर पर एकतरफा अंदाज में 6-0 से बड़ी जीत दर्ज की।

वहीं अलवर ने मेजबान टोंक को कड़े मुकाबले में 1-0 से शिकस्त दी। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने गोल के लिए लगातार हमले किए, लेकिन अलवर का एक गोल निर्णायक साबित हुआ। एक अन्य मुकाबले में भीलवाड़ा ने नागौर को 1-0 से हराकर अगले मुकाबलों के लिए अपनी स्थिति मजबूत की।
कमलेश सिंगोदिया ने बताया कि सोमवार को सुबह के सत्र में श्रीगंगानगर-शार्दुल स्पोर्ट्स स्कूल बीकानेर, हॉकी एकेडमी जयपुर-हनुमानगढ़, नागौर-टोंक तथा अलवर-भीलवाड़ा के बीच मुकाबले होंगे। शाम के सत्र में श्रीगंगानगर-हनुमानगढ, हॉकी एकेडमी जयपुर-शार्दुल स्पोर्ट्स स्कूल बीकानेर, अलवर-नागौर तथा टोंक के मुकाबले होंगे।
टोंक में पहली बार हो रही राज्य स्तरीय अंडर-17 हॉकी प्रतियोगिता अब निर्णायक दौर में पहुंच चुकी है। ऐसे में हर मुकाबला खिताब की दौड़ में टीमों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। ये प्रतियोगिता 7 अक्टूबर तक चलेगी।




