
हैदराबाद, तेलंगाना में होने वाली राष्ट्रीय अंतर जिला जूनियर एथलेटिक्स मीट में टोंक का प्रतिनिधित्व करने के लिए खिलाड़ियों ने जिला खेल स्टेडियम में अपना दम दिखाया। जिला जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर 13 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।

चयनित एथलीट्स 14 से 16 नवंबर तक हैदराबाद में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय अंतर जिला जूनियर एथलेटिक्स मीट में जिले की ओर से प्रतिभाग करेंगे। खिलाड़ियों की प्रतिभा और प्रदर्शन का आंकलन करने के बाद अंतिम चयन किया जाएगा। जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन टोंक के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता का समापन रविवार को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ। समारोह में वरिष्ठ खेल प्रशासक दुर्गा शंकर शर्मा मुख्य अतिथि रहे। बैडमिंटन संघ टोंक के सचिव अनिल गुप्ता भी मौजूद रहे। अतिथियों ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए मेहनत करने और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता में संजय शर्मा, मुकेश चौधरी, तरुण जाट, हिमांशु शर्मा, संजय बंसीवाल, आदिल खान, फोरूलाल गुर्जर, वीरेंद्र सिंह, राकेश तोगड़ा और हरिराम सहित निर्णायकों ने व्यवस्थाएं संभालीं।
ये रहा परिणाम :
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दौड़, लंबी कूद, गोला फेंक, भाला फेंक और ट्रायथलॉन की विभिन्न स्पर्धाओं में प्रतिभा का प्रदर्शन किया। एसोसियशन के कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि बालक अंडर-16 के 60 मीटर में निखिल जाट प्रथम व शैलेश राजावत द्वितीय रहे। 600 मीटर में निखिल जाट प्रथम व राजवीर धौल्या द्वितीय, लंबी कूद में शैलेश राजावत प्रथम व राहुल गुर्जर द्वितीय रहे। गोला फेंक में गौरव गुर्जर तथा भाला फेंक में अर्जुन सैनी प्रथम रहे। बालिका अंडर-16 के 60 मीटर और लंबी कूद में आराध्या राजावत प्रथम रहीं, जबकि भाला फेंक में मोनिका तनिवाड प्रथम रहीं। अंडर-14 बालक ट्रायथलॉन बी में आशाराम गुर्जर और ट्रायथलॉन सी में कपिल प्रजापत प्रथम रहे। बालिका ट्रायथलॉन बी में चंचल धाकड़ तथा ट्रायथलॉन सी में पायल मीणा ने पहला स्थान प्राप्त किया।




