
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को देवधाम जोधपुरिया में आयोजित होने वाले लक्खी मेले के लिए आमंत्रित किया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को देवधाम जोधपुरिया में आयोजित होने वाले लक्खी मेले के लिए आमंत्रित किया गया है। यह मेला भगवान देवनारायण के घोड़े ‘लीलाधर’ के जन्मोत्सव के अवसर पर 15 सितंबर से शुरू होगा। मंदिर ट्रस्ट और समाज के पदाधिकारियों ने मेले की तैयारियां तेज कर दी हैं।
देवनारायण मंदिर ट्रस्ट देवधाम जोधपुरिया के अध्यक्ष नरेश कुमार गुर्जर के नेतृत्व में समाज के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को आगामी लक्खी मेले में शामिल होने के लिए आमंत्रण पत्र सौंपा।
शिष्टाचार मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने देवधाम जोधपुरिया में आयोजित होने वाले लक्खी मेले के संबंध में जानकारी ली। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने उन्हें मेले की धार्मिक और सामाजिक महत्ता से अवगत कराया।
पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि इस साल भी मेले को भव्य और व्यवस्थित रूप देने के लिए विभिन्न स्तरों पर तैयारियां की जा रही हैं। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को क्षेत्र की आवश्यकताओं और विकास कार्यों से भी अवगत कराया। देवनारायण मंदिर ट्रस्ट देवधाम जोधपुरिया के कोषाध्यक्ष जगदीश नारायण बोंकण के अनुसार, मुख्यमंत्री ने आवश्यक मार्गदर्शन और सकारात्मक सहयोग का आश्वासन दिया है।
इस अवसर पर निवाई विधायक रामसहाय वर्मा, ट्रस्ट कोषाध्यक्ष जगदीश नारायण बोंकण, पूर्व महामंत्री एडवोकेट सवाईभोज गुर्जर, पूर्व सरपंच श्योजीराम गुर्जर, लालाराम गुर्जर, बद्री डॉक्टर, देवालाल मेम्बर, सुरेश कसाणा, विकास बोंकण सहित समाज के अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।






