
सावन माह के अंतिम दिनों में बगडवा बालाजी मंदिर परिसर स्थित शिवालय में विशेष धार्मिक आयोजन हुए। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आकर्षक झांकी सजाई, जो दिनभर दर्शनार्थियों के लिए आकर्षण का केंद्र रही।
इस दौरान हनुमान मंदिर परिसर में दोपहर 3 बजे सहस्त्र घट पूजा का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और रुद्री पाठ के साथ श्रृंगी से जलधाराएं प्रवाहित कर शिवलिंग का जलाभिषेक किया गया। सीतारामपुरा के आचार्य अभिषेक मिश्रा ने शास्त्रीय विधि-विधान से यह पूजन संपन्न कराया।
मंदिर के महंत शैलेंद्र भारद्वाज ने बताया कि जलाभिषेक के बाद शिवलिंग का सुंदर श्रृंगार किया गया। महादेव का दिव्य रूप भस्मी, चंदन, बिल्व पत्र और विभिन्न प्रकार की पुष्प-मालाओं से सजाया गया। इसके बाद महाआरती का आयोजन हुआ।
इस अवसर पर ऋषिराज शर्मा, रामनरेश विजयवर्गीय, रविराज शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। उन्होंने जलाभिषेक कर क्षेत्र की खुशहाली और समृद्धि की कामना की।






