फरवरी 2027 में होने वाली कक्षा 5वीं और 8वीं की बोर्ड परीक्षाओं से पहले स्कूलों को विद्यार्थियों का पूरा रिकॉर्ड जांचकर अपडेट करना होगा। परीक्षा आवेदन शुरू होने से पहले विद्यार्थियों के नाम, माता-पिता के नाम और जन्मतिथि समेत अन्य विवरणों की त्रुटियां सुधारनी होंगी। इसके साथ ही स्कूल प्रोफाइल, ब्लॉक-जिला मैपिंग, मान्यता श्रेणी, आरटीई विद्यार्थियों की ऑनलाइन कक्षा और कक्षा 8 की तृतीय भाषा की मैपिंग भी अपडेट करनी होगी। प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने अगस्त-सितंबर 2026 में शाला दर्पण परीक्षा पोर्टल पर आवेदन शुरू होने से पहले यह प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

परीक्षा फॉर्म से पहले रिकॉर्ड जांचना जरूरी
प्रारंभिक शिक्षा एवं पंचायती राज विभाग, बीकानेर के निदेशक ललित कुमार ने राज्य के सभी जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्यों और मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को परीक्षा आवेदन से पहले की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा फॉर्म भरने से पहले ही विद्यार्थियों के रिकॉर्ड की जांच कर ली जाए। नाम, अभिभावक का नाम, जन्मतिथि या अन्य विवरण गलत होने पर निर्धारित प्रक्रिया और प्रपत्र के जरिए तत्काल संशोधन करवाना होगा।
विद्यालय या कार्यालय स्तर पर लंबित संशोधन प्रकरणों का भी विद्यार्थी हित में जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं।
नाम से जन्मतिथि तक हर रिकॉर्ड का मिलान
संस्था प्रधानों को प्रत्येक विद्यार्थी के नाम, माता-पिता के नाम, जन्मतिथि और अन्य आवश्यक विवरणों का स्कूल रिकॉर्ड से मिलान करना होगा।
नवगठित जिलों और उनके पूर्ववर्ती मूल जिलों से संबंधित सरकारी और निजी स्कूलों की वर्तमान प्रशासनिक एवं भौतिक स्थिति के अनुसार मैपिंग की भी जांच करनी होगी। इसके बाद पोर्टल पर स्कूल प्रोफाइल अपडेट करनी होगी।
स्कूल की श्रेणी और मान्यता की स्थिति भी सही दर्ज करना जरूरी होगा। इसमें प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, माध्यमिक, उच्च माध्यमिक, छात्र-छात्रा, आवासीय-गैर आवासीय, मदरसा सहित लागू श्रेणियां शामिल हैं।
मान्यता प्राप्त स्कूलों का पोर्टल पर पंजीकरण जरूरी
राजकीय, निजी, मदरसा, उर्दू माध्यम, संस्कृत और अन्य मान्यता प्राप्त स्कूल यदि संबंधित पोर्टल पर पंजीकृत नहीं हैं, तो परीक्षा आवेदन शुरू होने से पहले अपनी श्रेणी के अनुसार ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि सीबीएसई से संबद्ध स्कूल इन परीक्षाओं में शामिल नहीं होंगे। इसलिए मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को अपने पोर्टल लॉगिन से ऐसे स्कूलों के लिए कक्षा 5 और 8 के परीक्षा आवेदन का विकल्प प्रदर्शित नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।
कक्षा 8 में तृतीय भाषा की मैपिंग जांचनी होगी
कक्षा 8 के विद्यार्थियों की तृतीय भाषा की मैपिंग भी जांचनी होगी। किसी विद्यार्थी की तृतीय भाषा में बदलाव अपेक्षित है तो पोर्टल पर उसे तत्काल संशोधित करना होगा।
निजी स्कूलों में आरटीई के तहत प्रवेशित और अध्ययनरत विद्यार्थियों की ऑनलाइन कक्षा अपडेट नहीं है तो संबंधित स्कूलों को ऐसे मामलों का जिला स्तर से निस्तारण करवाना होगा।
विद्यार्थी डेटा या अन्य ऑनलाइन संशोधन से जुड़े लंबित मामलों को भी समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
परीक्षा के बाद होने वाली परेशानी से बचने पर जोर
शिक्षक संघ रेसटा, राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष मोहर सिंह सलावद ने बताया कि परीक्षा आवेदन से पहले कक्षा 5 और 8 के सभी विद्यार्थियों के नाम, माता-पिता के नाम, जन्मतिथि और अन्य आवश्यक विवरणों का स्कूल रिकॉर्ड से मिलान करना होगा।
उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड में गलती मिलने पर परीक्षा आवेदन से पहले ही निर्धारित प्रक्रिया के तहत संशोधन करवा लेना चाहिए। इससे परीक्षा के बाद रिकॉर्ड में गलतियों के कारण होने वाली परेशानी से विद्यार्थियों को राहत मिलेगी।





