भराव क्षेत्र में तेज बारिश के चलते बीसलपुर बांध में इस सीजन की सबसे ज्यादा 18 सेमी पानी की आवक 24 घंटे में हुई है। शुक्रवार सुबह तक बांध का जलस्तर 313.75 आरएल मीटर पहुंच गया। बांध में अभी भी पानी की आवक जारी है। त्रिवेणी नदी 3.90 मीटर की ऊंचाई पर बह रही है। बांध की कुल भराव क्षमता 315.50 मीटर यानी 38 टीएमसी है, जबकि अब तक 26.682 टीएमसी पानी आ चुका है। ऐसे में बांध करीब दो-तिहाई भर चुका है और अगस्त में गेट खुलने की उम्मीद बढ़ गई है।

बीसलपुर बांध परियोजना के AEN दिनेश कुमार बैरवा ने बताया कि भराव क्षेत्र में एक दिन पहले हुई तेज बारिश के बाद इस सीजन में 24 घंटे में सबसे ज्यादा करीब 18 सेंटीमीटर पानी की आवक हुई है। इसी के साथ आज सुबह 6 बजे तक बांध 68.68 प्रतिशत भर चुका है।
तीन जिलों को 10 दिन मिल सकेगा पानी
बीते 24 घंटे में बांध में आया 18 सेमी पानी टोंक, अजमेर और जयपुर की करीब 10 दिन की पेयजल जरूरत पूरी कर सकता है। इन तीनों जिलों में रोजाना करीब 900 से 1000 एमएलडी पानी बीसलपुर बांध से पेयजल के लिए जाता है। इससे बांध का जलस्तर रोजाना करीब डेढ़ से दो सेमी कम होता है।
अभी पौने दो मीटर खाली है बांध
बीसलपुर बांध की भराव क्षमता शुक्रवार सुबह जलस्तर 313.75 मीटर पहुंच गया। यानी बांध अब करीब 1.75 मीटर ही खाली है। यदि भराव क्षेत्र में अगले तीन-चार दिनों में तेज बारिश होती है तो बांध तेजी से भर सकता है। मौजूदा आवक बनी रही तो अगस्त में बांध के गेट खुलने की संभावना है।
दो-तीन दिन और पानी आने की संभावना
त्रिवेणी नदी फिलहाल 3.90 मीटर की ऊंचाई पर बह रही है। यदि अगले दिनों में बारिश नहीं भी होती है, तब भी मौजूदा जलस्तर के आधार पर दो-तीन दिन तक रोजाना करीब 5-6 सेमी पानी की आवक बांध में होने की संभावना जताई जा रही है। इतिहास में 2025 को छोड़कर बीसलपुर बांध के गेट अगस्त में ही खुले हैं। इस बार भी अच्छी आवक बनी रही तो अगस्त में बांध के गेट खुल सकते हैं।
सिंचाई के लिए भी पानी मिलने की उम्मीद
बीसलपुर बांध की कुल भराव क्षमता 38 टीएमसी है। इसमें अधिकतम 298 मीटर जलस्तर से ऊपर का पानी उपयोग किया जा सकता है। बांध में 16.2 टीएमसी पेयजल, 8 टीएमसी सिंचाई और 8.15 टीएमसी वाष्पीकरण आदि के लिए आरक्षित है। बारिश कम होने पर सिंचाई के लिए पानी नहीं दिया जाता है, लेकिन इस बार लगातार हो रही बारिश और बांध में बढ़ती आवक से किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिलने की उम्मीद है।
तीन दिन से जिले में बारिश का दौर
टोंक जिले में पिछले तीन दिन से बारिश का दौर जारी है। बीते 24 घंटे में जिले में औसतन 13 MM से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। शुक्रवार सुबह 8 बजे तक जिले में औसत बारिश का आंकड़ा 262.17 MM पहुंच गया है। इससे एक दिन पहले गुरुवार सुबह 8 बजे तक यह 249.26 MM था।
मालपुरा में सबसे ज्यादा 59 MM बारिश
बीते 24 घंटे में जिले में सबसे ज्यादा बारिश मालपुरा में 59 MM दर्ज की गई।
- मालपुरा: 59 MM
- नासिरदा: 33 MM
- माशी रेन गेज सेंटर: 32 MM
- दूनी: 20 MM
- टोडारायसिंह: 19 MM
- उनियारा: 19 MM
लगातार बारिश और बीसलपुर में बढ़ती आवक से टोंक के साथ जयपुर और अजमेर के लिए भी पेयजल आपूर्ति को लेकर राहत की उम्मीद बढ़ी है। अगर बांध अगस्त में भरकर गेट खोलता है तो किसानों को सिंचाई के लिए भी पर्याप्त पानी मिलने की संभावना रहेगी।






