टोंक, 3 घंटे पहले

बीती रात हुई तेज बारिश से खेतों में कटी पड़ी खरीफ फसले भीग कर बेदाम हो गई।
टोंक, जयपुर और अजमेर जिलों की प्यास बुझाने वाले बीसलपुर बांध में लंबे समय बाद एक सेंटीमीटर पानी बढ़ा है। बांध में अभी भी धीमी गति से पानी की आवक बनी हुई है और जलस्तर 314.05 आरएल मीटर हो गया है। इसके साथ बांध में 73.98% पानी है। वहीं जिले में बीते 24 घंटे में कई इलाकों में तेज बारिश हुई, जिससे खेतों में पानी भर गया और कटी पड़ी खरीफ की फसल को नुकसान हुआ है।


बीसलपुर बांध में फिर से एक सेमी पानी बढ़ा है।
एक सेमी पानी बढ़ा, जलस्तर 314.05 आरएल मीटर
बीसलपुर बांध में एक सेंटीमीटर पानी बढ़ने के बाद जलस्तर 314.05 आरएल मीटर हो गया है। यानी बांध में 73.98% पानी है। बांध में अभी भी धीमी गति से पानी की आवक बनी हुई है।
28 अगस्त को बांध में 214.10 आरएल मीटर पानी था। इसके बाद भराव क्षेत्र में तेज बारिश नहीं होने से बांध में पानी घटता जा रहा था। अब करीब एक पखवाड़े बाद भराव क्षेत्र में तेज बारिश होने से बांध के जलस्तर में फिर बढ़ोतरी हुई है।
24 घंटे में कई इलाकों में तेज बारिश
जिले में बीते 24 घंटे के दौरान कई क्षेत्रों में तेज बारिश हुई। जिला मुख्यालय के साथ देवली, अलीगढ़, सोप, दूनी, पीपलू, मालपुरा, टोडारायसिंह और उनियारा क्षेत्रों में बारिश हुई।
तेज बारिश के चलते कई खेतों में पानी भर गया। इससे खेतों में कटी पड़ी खरीफ की फसल को नुकसान हुआ है। किसान बारिश के पानी से फसल को बचाने की कोशिश में जुटे हैं।
ठिकरिया में सबसे ज्यादा 90 MM बारिश
24 घंटे में सबसे ज्यादा 90 MM बारिश ठिकरिया रेन गेज सेंटर पर दर्ज हुई। इसके अलावा गलवा में 39 MM, गलवानिया में 35 MM, माशी में 52 MM, नासिरदा में 17 MM, निवाई में 28 MM, पनवाड़ में 39 MM, दूनी में 30 MM और टोरडी सागर में 70 MM बारिश दर्ज हुई।
बारिश से मौसम में ठंडक
बारिश के बाद मौसम में ठंडक महसूस की जा रही है। तापमान में गिरावट के आसार बने हुए हैं। लोगों को धूप और गर्मी से राहत मिली है।







