
माधोराजपुरा पंचायत समिति की ग्राम पंचायत हीरापुरा में बीसलपुर ग्रामीण पेयजल परियोजना के अधिकारियों की अनदेखी के चलते अनियमित जलापूर्ति को लेकर ब्राह्मणों और कुम्हारों के मोहल्ले के ग्रामीणों में बीसलपुर ग्रामीण परियोजना के अधिकारियों के खिलाफ व्याप्त रोष है।

ग्रामीण रामराज गुर्जर, नंदकिशोर शर्मा, मदन बैरवा, पूरण प्रजापत और बाबूलाल सहित अन्य ने बताया कि पिछले करीब तीन माह से ब्राह्मणों और कुम्हारों के मोहल्ले में बीसलपुर पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद है। इससे सैकड़ों परिवारों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। मजबूरी में लोगों को निजी टैंकरों से महंगे दामों पर पानी खरीदना पड़ रहा है, जबकि कई परिवार हैंडपंपों का खारा और फ्लोराइडयुक्त पानी पीने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बीसलपुर परियोजना के घरेलू कनेक्शन के लिए ढाई-ढाई हजार रुपए जमा कराने के बावजूद उन्हें नियमित पानी नहीं मिल रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुम्हारों, ब्राह्मणों, बैरवों और नाइयों के मोहल्ले में लंबे समय से पेयजल संकट बना हुआ है। इस संबंध में कई बार बीसलपुर ग्रामीण परियोजना के अधिकारियों, प्रशासन और उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है। प्रशासन गांवों के संग शिविर में भी समस्या रखी गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि अधिकारियों की उदासीनता के कारण पेयजल संकट गहराता जा रहा है। पानी नहीं मिलने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है और आर्थिक बोझ भी बढ़ रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द जलापूर्ति बहाल नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। ग्रामीणों के द्वारा माधोराजपुरा उपखंड अधिकारी और बीसलपुर ग्रामीण परियोजना के अधिकारियों को लिखित में पानी की समस्या को लेकर ज्ञापन देने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है। जिसके चलते ग्रामीणों में व्याप्त रोष है।
ग्रामीणों के द्वारा चाकसू विधायक रामावतार बैरवा को अवगत करवाकर बीसलपुर पानी की नियमित सप्लाई शुरू कराने की मांग की है।
अधिशासी अभियंता योगेंद्र सिंह ने बताया कि हीरापुरा गांव में पेयजल आपूर्ति की मौके पर स्थिति की जांच कराई जाएगी। जहां तकनीकी समस्या होगी,उसका तत्काल समाधान कर प्रभावित मोहल्लों में बीसलपुर पानी की नियमित सप्लाई शुरू कराई जाएगी।




