
देवली में पैर फिसलने से बुजुर्ग किसान कुएं में गिर गया। आस-पास मौजूद लोगों ने बुजुर्ग को बचाने की कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हो सके। ग्रामीणों ने कुएं में अतिरिक्त इंजन से पानी बाहर निकालकर शव को निकाला।

घटना थाना क्षेत्र के गांवड़ी गांव में शनिवार दोपहर की है। मृतक की पहचान बद्रीलाल माली (64) पुत्र कान्हाराम माली के रुप में हुई है।
बिना मुंडेर के कुएं में जा गिरे जानकारी के अनुसार, बद्रीलाल माली शनिवार दोपहर अपने खेत पर जानवरों को पानी पिला रहे थे। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वे खेत में बने बिना मुंडेर के कुएं में जा गिरे। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन कुएं में पानी अधिक और गहराई ज्यादा होने के कारण उन्हें सफलता नहीं मिल सकी।

कुएं में अतिरिक्त इंजर लगाकर पानी बाहर निकाला ग्रामीणों ने तत्काल देवली थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर देवली थाने के एएसआई शिवकुमार और कॉन्स्टेबल सीताराम मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में ग्रामीणों ने कुएं में अतिरिक्त इंजन लगाकर पानी बाहर निकालना शुरू किया। पानी का स्तर कम होने के बाद ग्रामीण कुएं में उतरे और काफी मशक्कत के बाद बुजुर्ग के शव को बाहर निकाला।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर देवली उपजिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। पुलिस के अनुसार, मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा|




