
देवली में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। ब्लॉक स्तरीय मुख्य समारोह अटल उद्यान में आयोजित हुआ। उपखंड अधिकारी रूबी अंसार ने ध्वजारोहण किया और उपस्थित लोगों को संबोधित किया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली 69 प्रतिभाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
उपजिला अस्पताल में प्रमुख चिकित्साधिकारी डॉ. रविराज सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान उन्होंने देशभक्ति गीत भी प्रस्तुत किया। अस्पताल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

पुलिसकर्मियों से ईमानदारी से कर्तव्य निभाने का आह्वान
देवली पुलिस थाना परिसर में थानाधिकारी प्रीति रत्नू ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों से ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने और फरियादियों को उचित न्याय सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
कांग्रेस कार्यालय में भी हुआ ध्वजारोहण
कांग्रेस कार्यालय में शहर अध्यक्ष सौरभ जिंदल और ब्लॉक अध्यक्ष महादेव मीणा ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर वरिष्ठ कार्यकर्ताओं विनोद पुजारी, भीमराज जैन, सत्यनारायण बुलिया, माया सुवालका और आकाश कंछल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

भाजपा ने धानमंडी चौराहे पर मनाया स्वतंत्रता दिवस
भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर के धानमंडी चौराहे पर स्वतंत्रता दिवस मनाया। भाजपा अध्यक्ष अंकित जैन, जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह राणावत और वरिष्ठ कार्यकर्ता आरपी धाकड़ ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने मौजूद कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।




