
बनेठा में किसानों को उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने ‘फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल’ (FFS) ऐप के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग सुविधा शुरू की है। इस पहल से किसान अब घर बैठे अपने मोबाइल फोन से उर्वरक की बुकिंग कर सकेंगे।
गुरुवार को बनेठा के बनास किसान सेवा केंद्र पर कृषि विभाग ने किसानों को ऑनलाइन बुकिंग की प्रक्रिया समझाई। अधिकारियों ने किसानों के मोबाइल में FFS ऐप डाउनलोड करवाया और उन्हें बुकिंग का तरीका बताया। इसके बाद कई किसानों ने मौके पर ही ऑनलाइन बुकिंग कर उर्वरक प्राप्त किया।
सहायक निदेशक कृषि विभाग प्रकाश सिंह यादव ने बताया कि इस सुविधा से किसानों को खाद लेने के लिए लंबी कतारों में लगने और अनावश्यक भीड़ से बचने में मदद मिलेगी। ऑनलाइन व्यवस्था के तहत यूरिया, DAP, NPK, SSP और MOP जैसे विभिन्न उर्वरकों की बुकिंग की जा सकती है।
इस दौरान सहायक कृषि अधिकारी बलराम मीना, वरिष्ठ कृषि पर्यवेक्षक धनपाल गुर्जर, कृषि पर्यवेक्षक कैलाश मीना और धनराज मीना उपस्थित रहे। किसान बोलताराम मीणा, छोटूलाल मीणा, देवकरण गुर्जर और गंगाधर मीणा सहित अन्य किसानों ने ऑनलाइन बुकिंग कर उर्वरक प्राप्त किया। किसानों ने इस नई ऑनलाइन व्यवस्था शुरू करने पर कृषि विभाग की पहल की सराहना की।






