पीपलू, टोंक, 25 मिनट पहले

क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग और स्थानीय प्रशासन की लापरवाही के कारण लगाए गए गलत दिशा सूचक बोर्ड से राहगीर और वाहन चालक परेशान हैं। बगड़ी जाने वाले रास्ते पर लगे बोर्ड पर गलत दिशा दर्ज है। इसमें बगड़ी को ‘नाथड़ी’ बताया जा रहा है।

इस गलत बोर्ड की वजह से बाहर से आने वाले वाहन चालक और ग्रामीण भटक रहे हैं। बगड़ी जाने वाले लोग बोर्ड देखकर गलत दिशा में निकल जाते हैं। इससे उन्हें कई किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है। रात के समय यह समस्या और बढ़ जाती है।
ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन और ठेकेदार ने बिना जांच किए ही बोर्ड लगा दिया। गलत दिशा सूचक से लोगों का समय और ईंधन बर्बाद हो रहा है। अचानक गाड़ी मोड़ने से हादसे का डर भी बना रहता है। स्थानीय नागरिक राकेश ने बताया कि शिकायत के बाद भी विभाग ध्यान नहीं दे रहा।
क्षेत्रीय ग्रामीणों ने उपखंड प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि इस गलत बोर्ड को तुरंत ठीक किया जाए। इससे राहगीरों को हो रही परेशानी खत्म होगी।





