
फाइनेंस कंपनी के द्वारा बाइक जब्त करने से नाराज युवक पानी की टंकी पर चढ़ गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने एक घंटे की समझाइश के बाद उसे नीचे उतारा। घटना दौसा जिले के लालसोट थाना क्षेत्र की है।
एएसआई रामफूल सैनी ने बताया- शुक्रवार शाम 5 बजे सूचना मिली कि शहर के नेहरू गार्डन के पास स्थित पानी की टंकी पर एक युवक चढ़ गया है। सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। युवक की पहचान खटवा (लालसोट) निवासी मुकेश सैनी के रूप में हुई।
बाइक वापस दिलाने की मांग कर रहा था युवक
पूछताछ में सामने आया कि युवक फाइनेंस कंपनी द्वारा बाइक जब्त करने से नाराज था और बाइक को वापस दिलाने की मांग कर रहा था। बाइक वापस नहीं मिलने पर उसने टंकी से कूदने की चेतावनी दी।
किश्त जमा नहीं होने पर जब्त की बाइक
पुलिस ने बताया- खटवा गांव निवासी मुकेश सैनी ने श्रीराम फाइनेंस कंपनी से एक बाइक फाइनेंस करवाई थी। बाइक की किस्त बकाया होने के चलते फाइनेंस कर्मियों ने दौसा से लालसोट आते समय नांगल राजावतान के पास बाइक जब्त कर ली थी। इसके बाद मुकेश लालसोट पहुंचा और नेहरू गार्डन के पास बनी पानी की टंकी पर चढ़ गया। वहीं युवक का दावा है कि उसने बाइक की सभी किश्ते जमा करा दी हैं। कोई बकाया नहीं है।
मौके पर पहुंची टीम ने फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों को मौके पर बुलाया। इसके बाद पुलिस और कंपनी के कर्मचारियों ने समझाइश कर एक घंटे बाद युवक को नीचे उतार लिया।
शांति भंग में युवक को किया गिरफ्तार
पुलिस ने युवक मुकेश सैनी को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया




