टोंक, 7 घंटे पहले

घंटाघर पर प्रदर्शन करते हुए प्रदर्शनकारी।
टोंक नगर परिषद सभापति पद के लिए कांग्रेस की ओर से मोइनुद्दीन निजाम को टिकट नहीं दिए जाने के विरोध में शुक्रवार को समाज के लोगों ने घंटाघर पर प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं टोंक विधायक सचिन पायलट और कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने हाथों में काले झंडे ले रखे थे और काली पट्टी बांधकर विरोध जताया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि नगर परिषद चुनाव में सभापति पद के लिए मोइनुद्दीन निजाम प्रबल दावेदारों में शामिल थे, लेकिन कांग्रेस ने मयंक गोयल को अधिकृत प्रत्याशी घोषित कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मयंक गोयल पहली बार पार्षद का चुनाव जीते हैं, जबकि मोइनुद्दीन निजाम को दरकिनार कर समाज की भावनाओं को आहत किया है।
इससे पहले नामांकन के दिन भी सचिन पायलट के खिलाफ नारेबाजी की गई थी। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि टोंक का मुस्लिम समाज लंबे समय से कांग्रेस के साथ रहा है। इसके बावजूद सभापति पद के लिए मुस्लिम प्रत्याशी नहीं बनाए जाने से समाज में आक्रोश है।
प्रदर्शन में एडवोकेट मजहर आलम, एहसान बाबा, निजामुद्दीन, अकरम सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। प्रदर्शन को देखते हुए कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोतवाली थाना प्रभारी भंवरलाल वैष्णव के नेतृत्व में भारी पुलिस जाप्ता तैनात रहा।






