टोंक, 5 घंटे पहले

नगर परिषद चुनाव में पहली बार मतदान करने वाले युवाओं में उत्साह नजर आया तो कुछ महिला मतदाताओं के लिए भी यह मतदान खास रहा। ऐसी महिलाएं भी बूथ पर पहुंचीं, जिनकी शादी के बाद टोंक आए कई साल हो चुके हैं, लेकिन मतदाता सूची में नाम नहीं जुड़ पाने के कारण अब तक मतदान नहीं कर सकी थीं। प्रशासन की ओर से मतदाता सूची पुनरीक्षण और नाम जोड़ने के लिए चलाई गई गतिविधियों में बीएलओ के सक्रिय रहने से इनके नाम सूची में जुड़े। इसके बाद पहली बार उन्हें टोंक में अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने का मौका मिला। बूथ पर मतदान के बाद इन महिलाओं ने खुशी जताई। वहीं पहली बार वोट डालने वाले युवाओं ने भी इसे जिम्मेदारी और लोकतंत्र में अपनी भागीदारी का पहला अनुभव बताया।

मतदान करने के बाद यह बोले फ़र्स्ट टाइम वोटर : गुंजन सैन (19) : मैंने वार्ड 45 के कृषि विस्तार केंद्र स्थित बूथ पर अपना पहला वोट डाला, यह अनुभव बेहद खास रहा। अब महसूस हुआ कि लोकतंत्र में हमारी भी जिम्मेदारी है। मैंने क्षेत्र की समस्याओं और विकास को ध्यान में रखकर मतदान किया।
विजय सैनी (20) : वार्ड 10 पर देव कॉलेज में स्थित बूथ पर अपना पहला है, वोट डालने के बाद लगा कि सिर्फ सरकार या जनप्रतिनिधियों से सवाल करना ही काफी नहीं, बल्कि सही प्रतिनिधि चुनने की जिम्मेदारी भी हमारी है। पहली बार मतदान कर लोकतंत्र का हिस्सा बनने पर खुशी हुई।
ज्योति महावर (21) : वार्ड 48 के नगर परिषद कार्यालय स्थित बूथ पर अपना पहला वोट डाला है, मतदान करना मेरे लिए यादगार पल है। प्रत्याशियों के वादों से ज्यादा उनके काम और क्षेत्र की जरूरतों को देखकर फैसला किया। उम्मीद है कि चुना गया प्रतिनिधि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेगा।
योगिता साहू (22) : वार्ड 45 के कृषि विस्तार केंद्र पर हमारा मतदान केंद्र था, वहां पहुंचते समय उत्साह था, लेकिन वोट डालने के बाद गर्व महसूस हुआ। पहली बार अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर लगा कि देश और शहर के भविष्य में हमारी भी भागीदारी है।
दीपिका सैनी (24) : वार्ड 10 में काली डूंगरी स्थित बिजली विभाग कार्यालय स्थित बूथ पर मैने अपने जीवन का पहला वोट डाला है, पहले नाम नहीं होने के कारण चाहकर भी मतदान नहीं कर पाती थी, इस बार नाम जुड़ा तो सुबह ही वोट डालने पहुंच गई। पहली बार मतदान करने का अनुभव मेरे लिए बेहद खास और खुशी देने वाला रहा।




