
हनुमानगढ़ के चौहिलांवाली गांव में सोमवार दोपहर एक पंचायत के दौरान कहासुनी होने पर एक व्यक्ति की लोहे की सब्बल से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक पीहर पक्ष से था और रिश्ते में तीनों बहुओं का फूफा था।
यह घटना सोमवार को हुई। पुलिस ने चौहिलांवाली निवासी ममता पत्नी कुलदीप की रिपोर्ट पर ससुराल पक्ष के धनाराम, भागीरथ, कुलदीप, प्रदीप, विनोद, तुलसी देवी और विमला देवी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- एक ही घर में हुआ 3 बेटियों का विवाहजानकारी के अनुसार, गांव फेफाना के मेघवाल परिवार की 3 बेटियों का विवाह चौहिलांवाली में एक ही घर में हुआ है। पीहर पक्ष पर आरोप है कि कुछ समय से तीनों बेटियों को ससुराल पक्ष परेशान कर रहे थे। इसी मामले को सुलझाने के लिए पीहर पक्ष के लोग पंचायत करने आए थे, जहां कहासुनी हो गई।
- पंचायत में कहासुनी के दौरान किया हमलाकहासुनी के दौरान, तैश में आकर बेटियों के ससुर धनाराम ने 75 वर्षीय कृष्णलाल पुत्र पृथ्वीराज मेघवाल (निवासी अबूबशहर, जिला सिरसा) के सिर पर वजनी हथियार से हमला कर दिया। कृष्णलाल मौके पर ही गिर गए। उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से सीटी स्कैन के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
- सिर की हड्डी 2 जगह टूटने से मौतपरिजन कृष्णलाल को श्रीगंगानगर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक सीटी स्कैन में उनके सिर की हड्डी 2 जगह टूटने और ज्यादा खून बह जाने की बात सामने आई थी।
मामले की जांच जारी पीहर पक्ष का आरोप है कि ससुराल पक्ष उनकी बेटियों के साथ आए दिन मारपीट कर परेशान करता था। जब वे पंचायत करने पहुंचे तो उन पर हमला कर फूफा की हत्या कर दी गई। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया है। एसआई ज्योति ने बताया कि मामले की जांच जारी है और मृतक का पोस्टमॉर्टम आज कराया जाएगा।






