
निवाई नगर पालिका चुनाव 2026 के लिए नाम वापसी के बाद मैदान में बचे 121 प्रत्याशियों को निर्वाचन विभाग ने चुनाव चिन्ह दे दिए हैं। चिन्ह मिलते ही प्रत्याशियों ने अपना प्रचार तेज कर दिया है।
नगर पालिका के कुल 40 वार्डों में कांग्रेस और भाजपा के 40-40 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।
निर्दलीय प्रत्याशियों के चुनाव चिन्हों को लेकर लोगों में सबसे ज्यादा जिज्ञासा है। उन्हें अंगूर, सेब, गुब्बारा, बांसुरी, बाल्टी, टेलीविजन, अलमारी और सिलाई मशीन जैसे चिन्ह मिले हैं। कुछ निर्दलीय प्रत्याशियों को झाड़ू, तकिया, स्कूल का बस्ता, जूता और चप्पल जैसे चुनाव चिन्ह भी दिए गए हैं।

चुनाव चिन्ह मिलते ही प्रचार का तरीका भी बदल गया है। प्रत्याशियों ने अपने वार्डों में होर्डिंग, बैनर और पोस्टर लगाने शुरू कर दिए हैं। गली-मोहल्लों से लेकर मुख्य सड़कों तक चुनावी सामान दिखने लगा है। इससे निवाई के सभी 40 वार्ड धीरे-धीरे चुनावी रंग में रंग गए हैं।
आने वाले दिनों में यह देखना होगा कि कमल और हाथ की सीधी टक्कर के बीच बोतल, झाड़ू और निर्दलियों के जूते-चप्पल, सेब-अंगूर जैसे चुनाव चिन्ह मतदाताओं के बीच कितना असर डाल पाते हैं। चुनाव चिन्ह मिलने के साथ ही निवाई में चुनावी मुकाबले का असली रंग अब सामने आ गया है।





