निवाई, 3 घंटे पहले

निवाई के ब्लॉक वेटरनरी हेल्थ ऑफिस में गोवंश में बढ़ रही लंपी रोग की सतर्कता को लेकर एक संगोष्ठी हुई। इसकी अध्यक्षता पशुपालन विभाग अजमेर के अतिरिक्त निदेशक डॉ. नवीन परिहार ने की। संगोष्ठी में पशुपालन विभाग के सभी अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।

चेक पोस्ट बनाने के निर्देश दिए
डॉ. नवीन परिहार ने कर्मचारियों को क्षेत्र में गोवंशों में लंपी रोग का टीकाकरण करने, गौशालाओं का लगातार निरीक्षण करने और बाहर से आने वाले गोवंश की रोकथाम के लिए चेक पोस्ट बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने ग्राम पंचायत स्तर पर सभी गौ सेवकों और गौशाला प्रबंधन की सहायता से आइसोलेशन केंद्र बनाने के भी निर्देश दिए। डॉ. परिहार ने कहा कि पशुपालकों को राज्य सरकार की सभी योजनाओं का ज्यादा से ज्यादा लाभ मिलना चाहिए।
संगोष्ठी के आखिर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया गया। इस दौरान एक रैपिड रिस्पांस टीम का भी गठन किया गया।
रोग फैलने के कारण सतर्कता बरतना जरूरी
डॉ. शिवराज शर्मा ने बताया कि वर्तमान में निवाई क्षेत्र में लंपी रोग का कोई प्रकोप नहीं है। हालांकि, पास के जिलों में रोग फैलने के कारण सतर्कता बरतना जरूरी है। उन्होंने कृत्रिम गर्भाधान के लक्ष्य पूरे करने का भी आह्वान किया।
इस मौके पर डॉ. लक्ष्मण सिंह, डॉ. किशन चावला, डॉ. शिवराज शर्मा, राजाराम खंगार, सज्जन सिंह और रजीराम गुर्जर समेत सभी विभागीय कर्मचारी मौजूद थे।




