टोंक, 6 घंटे पहले

नगर परिषद सभापति पद के नामांकन के आखिरी दिन बुधवार को एपीआरटीएस केंद्र पर सुबह से दोपहर तक सियासी सस्पेंस बना रहा।
कांग्रेस ने सुबह 11 बजे मयंक गोयल को प्रत्याशी घोषित कर दिया और उन्होंने पार्टी के सिंबल पर नामांकन दाखिल किया। इसके बाद भाजपा की ओर से प्रत्याशी के नाम को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने से चर्चाओं का दौर चलता रहा।

इसी बीच कांग्रेस पार्षद मोइनुद्दीन निजाम के भाजपा की ओर से सभापति पद का नामांकन दाखिल करने की अफवाओ के बीच चर्चा ने माहौल गरमा दिया। नामांकन की समय सीमा खत्म होने से कुछ देर पहले निजाम एपीआरटीएस पहुंचे। उनके साथ आए लोगों ने सचिन पायलट मुर्दाबाद के नारे लगाए। हालांकि, कुछ देर बाद निजाम ने साफ कर दिया कि वे कांग्रेस के साथ हैं और भाजपा से नामांकन नहीं भरेंगे। दूसरी ओर वार्ड 3 से निर्वाचित पार्षद प्रह्लाद सिंह को भाजपा ने प्रत्याशी बनाया।
दोपहर सवा दो बजे बाद उन्होंने भाजपा के सिंबल पर नामांकन दाखिल किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान, पूर्व विधायक अजीत सिंह मेहता और पार्टी के चुनाव प्रभारी उनके साथ रहे। अंतिम स्थिति में सभापति पद के लिए कुल तीन नामांकन पत्र दाखिल हुए। इनमें कांग्रेस के मयंक गोयल और भाजपा के प्रह्लाद सिंह के पार्टी सिंबल वाले नामांकन शामिल हैं। नामांकन प्रक्रिया समाप्त होने तक भाजपा और कांग्रेस के सिंबल पर एक-एक नामांकन दाखिल हुआ। भाजपा के एक अन्य पार्षद ने भी नामांकन पत्र भरा। दोपहर 3 बजे अंतिम समय तक चेयरमैन पद के लिए कुल तीन नामांकन दाखिल हुए। भाजपा की ओर से पार्षदों की सूची के साथ चेयरमैन प्रत्याशी का नाम पहले सार्वजनिक नहीं किए जाने से अंतिम क्षण तक चर्चाओं और अटकलों का दौर जारी रहा।




