
शहरी निकाय चुनावों की आचार संहिता लागू होने से पहले राज्य सरकार ने देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। सरकार ने 26 IAS और 53 RAS अधिकारियों के तबादले किए हैं। तबादला सूची में मनस्वी नरेश को निवाई का सहायक कलेक्टर नियुक्त किया गया है।
निकाय चुनावों की तैयारियों के बीच हुए इस फेरबदल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राज्य निर्वाचन आयोग ने उन अधिकारियों को हटाने के निर्देश दिए थे, जो एक ही स्थान पर तीन साल या उससे अधिक समय से पदस्थ हैं।
आयोग के निर्देशों के बाद सरकार ने अधिकारियों के तबादले किए हैं। इससे पहले पिछले सप्ताह भी कई RAS अधिकारियों के तबादले किए गए थे।
नई पोस्टिंग पर तुरंत जॉइन करने के निर्देश
शहरी निकाय चुनावों की आचार संहिता जल्द लागू होने की संभावना को देखते हुए कार्मिक विभाग ने तबादला आदेश में RAS अधिकारियों को नई जगह पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।
सभी कलेक्टरों और विभागाध्यक्षों को स्थानांतरित RAS अधिकारियों को तुरंत कार्यमुक्त करने के लिए कहा गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि अधिकारियों को नई पदस्थापना पर तत्काल कार्यभार संभालना होगा। निर्देशों की पालना नहीं करने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
निवाई में चुनावी तैयारियों के बीच नियुक्ति
मनस्वी नरेश की निवाई में सहायक कलेक्टर के पद पर नियुक्ति ऐसे समय हुई है, जब नगर पालिका चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हैं। निवाई नगर पालिका में अध्यक्ष पद सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित है।
वहीं, नगर पालिका के 40 वार्डों के आरक्षण की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। आचार संहिता लागू होने के साथ ही चुनावी गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है।






