
निवाई के श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन अग्रवाल मंदिर में पांच दीक्षार्थियों का गोद भराई कार्यक्रम हुआ। यह कार्यक्रम सकल दिगंबर जैन समाज की तरफ से आचार्य सुंदर सागर महाराज की मौजूदगी में आयोजित किया गया। आचार्य विशुद्ध सागर महाराज द्वारा दी जाने वाली दीक्षाओं से पहले यह रस्म पूरी की गई।
चातुर्मास कमेटी के प्रवक्ता सुनील भाणजा और हितेश छाबड़ा ने बताया कि ब्रह्मचारी अंकित भैया (प्रतापगढ़), अनिकेत भैया (मुंबई), यश भैया (भिंड), प्रसन्न भैया (महाराष्ट्र) और वकीलचंद भैया (बड़ोद) की गोद भराई की गई। इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।
इस अवसर पर आचार्य सुंदर सागर महाराज ने कहा कि राग के साथ वैराग्य मुमकिन नहीं है। जब तक इंसान सांसारिक चीजों और रिश्तों से जुड़ा रहता है, तब तक उसे सच्चा वैराग्य महसूस नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि मनुष्य को अपने अंदर के राग, द्वेष, मोह और कषाय को पहचानकर उन्हें कम करने की लगातार कोशिश करनी चाहिए।





