
निवाई में ‘नशा मुक्त टोंक’ अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला स्पेशल टीम (DST) और निवाई थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए 2 किलो 850 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया। इस मामले में एक बाल अपचारी को निरुद्ध किया गया है।
अवैध मादक पदार्थ किया जब्त
थाना प्रभारी घासीराम ने बताया- निवाई थाना और डीएसटी की संयुक्त टीम गश्त कर रही थी। गश्त के दौरान, जुगलपुरा खुर्द के आगे सांसीयों की ढाणी के पास एक बाल अपचारी बाइक पर जाता हुआ मिला। पुलिस ने उसकी तलाशी ली, तो उसके पास से 2 किलो 850 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा और बाइक जब्त कर बाल अपचारी को निरुद्ध कर लिया।
पुलिस ने इस संबंध में थाना निवाई में तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह गांजा कहां से लाया गया था और इसे किसे पहुंचाया जाना था।
इस कार्रवाई में डीएसटी से उपनिरीक्षक ओमप्रकाश, हेड कॉन्स्टेबल हंसराज, राधामोहन, शिवपाल, राधाकिशन, राजेश, प्रधान और रूकमकेश शामिल थे। निवाई थाना टीम से उपनिरीक्षक भारती, सहायक उपनिरीक्षक रमेश चंद, कॉन्स्टेबल सावरमल, राजेश और ड्राइवर कॉन्स्टेबल मनोज ने भी योगदान दिया।






