
दत्तवास पुलिस ने अवैध बजरी खनन मामले में डेढ़ महीने से फरार आरोपी को गिरफ्तार किया
दत्तवास थाना पुलिस ने अवैध बजरी खनन और परिवहन के मामले में करीब डेढ़ महीने से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने और नाम बदल रहा था। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक टोंक रोशन मीणा के निर्देश पर वांछित अपराधियों और स्थायी वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतनलाल भार्गव और सर्किलअधिकारी निवाई रवि प्रकाश शर्मा के निकट पर्यवेक्षण और दत्तवास थानाधिकारी निरमा मीणा के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लिया।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी कमलेश गुर्जर को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ अवैध बजरी खनन और परिवहन के मामले में मामला दर्ज किया।
इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक गणपत सिंह, हेड कांस्टेबल रामअवतार, कांस्टेबल विष्णु, रामफूल और चालक कांस्टेबल रमेश शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि अन्य प्रकरणों में वांछित आरोपियों की तलाश भी लगातार जारी है।






