निवाई, 1 घंटे पहले

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत जिले में हो रहे फसल कटाई प्रयोगों की गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए कृषि विभाग जांच कर रहा है। इसी कड़ी में संयुक्त निदेशक कृषि रामलाल जाट के निर्देश पर कृषि अधिकारी कजोड़ मल गुर्जर निवाई उपखंड के हिंगोनिया गांव पहुंचे। उन्होंने वहां हुए फसल कटाई प्रयोग की जांच की।

फसल कटाई की पूरी प्रक्रिया को देखा
निरीक्षण के दौरान अधिकारी ने चुने गए खेत, फसल की स्थिति, तय प्लॉट के मापदंड और फसल कटाई प्रयोग की पूरी प्रक्रिया को देखा। साथ ही यह भी जांचा कि प्रयोग तय नियमों के हिसाब से पूरे किए जा रहे हैं या नहीं।
कृषि अधिकारी कजोड़ मल गुर्जर ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में फसल कटाई प्रयोग बहुत अहम होते हैं। इन प्रयोगों से मिले असली आंकड़ों के आधार पर ही किसानों के बीमा दावे तय किए जाते हैं। इसलिए इन प्रयोगों का सही, पारदर्शी और तय नियमों के हिसाब से होना जरूरी है।
दिशा निर्देशों के पालन की अपील
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे सीसीई मोबाइल ऐप के जरिए तय नियमों और विभागीय दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करें। साथ ही हर चरण की ऑनलाइन रिपोर्टिंग समय पर करें।
इस दौरान सहायक कृषि अधिकारी हरिसिंह मीणा, कृषि पर्यवेक्षक शिवम खंडेलवाल, नाथूलाल गुर्जर, बीमा कंपनी के प्रतिनिधि और इलाके के किसान वहां मौजूद थे।






