देवली, 3 घंटे पहले

देवली शहर के चर्च रोड पर एक अनोखी चोरी सामने आई है। चोर बालों से भरा एक बोरा उठा ले गए। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

दुकान मालिक विमल कुमार सिंघल ने देवली थाना पुलिस को रिपोर्ट दी है। उन्होंने बताया कि शनिवार को उनकी पुराने बर्तन की दुकान के बाहर से एक पिकअप सवार चोर बालों का बोरा उठाकर ले गया। जब बोरा घायब मिला तो दुकानदार ने सीसीटीवी फुटेज देखी। सीसीटीवी में चोर बोरा उठाकर पिकअप में रखता हुआ नजर आया।
रिपोर्ट के अनुसार बोरे में 23 से 24 किलो बाल थे, जिनकी बाजार कीमत 11 से 12 हजार रुपए प्रति किलो है। चोरी हुए बालों की कुल कीमत लगभग 2.5 से 2.9 लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पिकअप सवार आरोपियों की तलाश की जा रही है।






