देवली, 50 मिनट पहले

देवली पंचायत समिति के प्रधान और सदस्यों के लिए जिला मुख्यालय पर वार्डवार आरक्षण लॉटरी निकाली गई। यह लॉटरी जिला कलेक्टर टीना डाबी और सांसद हरीश मीणा की मौजूदगी में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई।

इस लॉटरी में देवली पंचायत समिति के प्रधान का पद एसटी वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है। खास बात यह है कि देवली पंचायत समिति में 38 साल बाद एसटी पुरुष वर्ग का प्रधान बनेगा। पंचायत समिति के 25 वार्डों में 12 वार्ड महिलाओं के लिए रिजर्व किए गए हैं।


पंचायतीराज संस्थाओं में रोटेशन से आरक्षण
पंचायतीराज संस्थाओं में आरक्षण रोटेशन से तय होता है। हर बार नए सिरे से आरक्षण की लॉटरी निकाली जाती है। पिछली बार जो वार्ड जिस वर्ग के लिए आरक्षित था, इस बार वो बदल जाएगा।
पिछली बार वाला आरक्षण नहीं रहेगा। पिछली बार जो पंचायत समिति या वार्ड आरक्षित था। हो सकता है कि इस बार वह ओपन कैटेगरी में हो जाए।

सरपंचों की लॉटरी कल
पंचायत समिति की ग्राम पंचायतों में सरपंचों और वार्ड पंचों के आरक्षण के लिए लॉटरी गुरुवार को एसडीएम कार्यालय में निकाली जाएगी। प्रशासन ने इसकी तैयारियां कर ली हैं। प्रदेश में पहली बार पंचायती राज चुनाव एक साथ करवाए जा रहे हैं। पहले ये लॉटरी 17 और 18 अगस्त को निकाले जानी वाली थी, लेकिन बाद में इसे दो बार स्थगित कर दिया गया। लॉटरी के बाद जल्द ही पंचायती राज चुनाव की घोषणा की जाएगी।





