
देवली तहसीलदार ऑफिस के बरामदे की छत का प्लास्टर शनिवार दोपहर अचानक टूटकर नीचे गिर गया। हादसे में किसी के चोट नहीं लगी। जिस समय प्लास्टर गिरा, उस समय कार्यालय में नगर निकाय चुनाव से संबंधित काम चल रहा था और बड़ी संख्या में कर्मचारी व आवेदक मौजूद थे।
तहसील कार्यालय का भवन काफी पुराना बताया जा रहा है। भवन की दीवारों में कई जगह दरारें हैं और छत का प्लास्टर भी जगह-जगह से उखड़ रहा है। शनिवार सुबह बरामदे की छत का एक हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया।
चुनाव कार्य के दौरान गिरा प्लास्टर
जिस स्थान पर प्लास्टर गिरा, वहीं नगर निकाय चुनाव के लिए परिचय काउंटर बनाया गया था। नामांकन पत्रों की जांच के काम में करीब एक दर्जन कर्मचारी जुटे हुए थे। चुनाव के लिए आवेदन करने वाले लोग भी कार्यालय परिसर में मौजूद थे।
प्लास्टर गिरने के बाद कर्मचारियों ने तुरंत एहतियात बरतते हुए अपनी टेबल और अन्य सामान को एक तरफ कर दिया। बाद में परिचय काउंटर को भी दूसरी सुरक्षित जगह पर स्थानांतरित कर दिया गया।
पुराने भवन में लगातार प्लास्टर उखड़ने और दीवारों में दरारें आने से कर्मचारियों और यहां आने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। गनीमत रही कि शनिवार को प्लास्टर गिरने के दौरान कोई व्यक्ति उसकी चपेट में नहीं आया।






