
चारनेट से बालगढ़ और सतवाड़ा जाने वाले मुख्य मार्ग पर विद्युत विभाग की लापरवाही सामने आई है। यहां 11 हजार वोल्टेज (11 kV) की थ्री फेज लाइन के नीचे बड़े बबूल के पेड़ खड़े हैं।

हवा चलने पर ये पेड़ बिजली के तारों को छू जाते हैं। इससे तारों से चिंगारियां निकलती हैं और पेड़ों में करंट आ जाता है। इससे शॉर्ट सर्किट या हादसे की आशंका बनी हुई है।
इस मार्ग से चारनेट के ग्रामीण अपने खेतों और अन्य कामों के लिए रोजाना आते-जाते हैं। पेड़ों में करंट आने से राहगीरों और पशुपालकों को डर लगता है।
ग्रामीण हंसराज मीणा ने बताया कि उन्होंने कई बार विद्युत विभाग को इस खतरनाक स्थिति की जानकारी दी है। लेकिन विभाग ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की और न ही पेड़ों की कटाई की है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ और पेड़ों की कटाई नहीं की गई, तो कभी भी हादसा हो सकता है। इसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।




