
पीपलू उपखंड की ग्राम पंचायत सन्देडा में पहली बार कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया। कांवड़िए टोंक स्थित वैष्णव देवी मंदिर से पवित्र जल लेकर सन्देडा गांव पहुंचे।
कांवड़ियों के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने उनका स्वागत किया। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े, जिससे गांव में धार्मिक माहौल बन गया। ग्रामीणों ने कांवड़ियों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की।
कांवड़िए वैष्णव देवी मंदिर, टोंक से लाए गए पवित्र जल से प्रमाण भारती के समाधि स्थल पर स्थित महादेव मंदिर में जलाभिषेक करेंगे। इस पहली बार आयोजित कांवड़ यात्रा को लेकर ग्रामीणों में उत्साह देखा गया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर दशरथ शर्मा, मुकेश मीणा, बाबूलाल गुर्जर, नरेश शर्मा, महेश पुरी, राजेश गुर्जर, महेश शर्मा और कैलाश केदार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने बताया कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से गांव में आपसी भाईचारा और सामाजिक एकजुटता बढ़ती है।






