
अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर आज जिला मुख्यालय पर रैली निकाली गई।
टोंक जिला मुख्यालय पर मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय दरबार में जिला स्तरीय साक्षरता दिवस कार्यक्रम किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत दरबार स्कूल एवं परिक्षेत्र के विद्यार्थियों की साक्षरता जागरूकता रैली से हुई। विद्यार्थी हाथों में साक्षरता संदेश लिखी तख्तियां थामे जोश से नारे लगाते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरे।
अधिकारी बोले- साक्षरता अक्षर ज्ञान तक सीमित नहीं
रैली के बाद आयोजित मुख्य समारोह में सहायक परियोजना अधिकारी अनिल कुमार चतुर्वेदी ने विभाग के एक्शन प्लान को लेकर कहा- साक्षरता केवल अक्षर ज्ञान तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह हर दृष्टिकोण से समझ विकसित करने और डिजिटल रूप से सक्षम बनाने का एक राष्ट्रीय मिशन है।
कार्यक्रम में जिला साक्षरता एवं सतत शिक्षा अधिकारी तुलसीदास ने साक्षरता के विविध स्वरूपों को रेखांकित करते हुए इस कार्य को पूर्ण सेवा भाव से करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने चयनित शिक्षार्थियों (लर्नर्स) को ओपन स्कूल के माध्यम से कक्षा 10 वीं के फॉर्म भरवाकर आगे की पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
ब्लॉक समन्वयक पुरुषोत्तम जायसवाल ने टोंक ब्लॉक में संचालित साक्षरता गतिविधियों की प्रगति रिपोर्ट साझा की, वहीं प्रभारियों व नवसाक्षरों ने अपने अनुभव मंच से साझा किए।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों को आज सम्मानित किया गया।
समारोह के अंत में साक्षरता क्षेत्र में सराहनीय योगदान देने वाले नवसाक्षरों, चयनित लर्नर्स, सर्वेयरों, साक्षरता प्रभारियों एवं ब्लॉक समन्वयक को अधिकारियों द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्थानीय विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, सर्वेयर तथा बड़ी संख्या में नवसाक्षर उपस्थित रहे।





