
नगर निकायों चुनावों को लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष सऊद सईदी से मुलाकात करते कार्यकर्ता।
टोंक कांग्रेस ने निकाय और पंचायत राज चुनावों में युवाओं को बड़ी हिस्सेदारी देने का दावा किया है। जिलाध्यक्ष सऊद सईदी ने कहा कि पार्टी में विश्वास रखने वाले Gen Z यानी युवाओं को 50% टिकट देने की उनकी कोशिश रहेगी। उन्होंने कहा कि वफादार और कर्मठ कार्यकर्ताओं को भी मौका दिया जाएगा। इस दावे से चुनाव लड़ने के इच्छुक युवाओं और टिकट दावेदारों की सक्रियता बढ़ गई है।
पायलट, राहुल और डोटासरा भी युवाओं को टिकट देने के पक्ष में
जिलाध्यक्ष सऊद सईदी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनके नेता सचिन पायलट, राहुल गांधी और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा भी चाहते हैं कि युवाओं को 50 फीसदी टिकट दिए जाएं। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों Gen-G ने जिस तरह केंद्र सरकार को झुकाया था, उससे युवाओं की ताकत सामने आई है। इसलिए यूथ कांग्रेस की ताकत रहेगा। उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि जिले में होने वाले इन चुनावों में 50 प्रतिशत टिकट युवाओं को मिलें।

कांग्रेस कार्यालय में आज पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी जयंती मनाई गई। उन्हें यार किया गया।
टोंक में लगातार दूसरी बार चेयरमैन बनाने का दावा
सईदी ने कहा कि कांग्रेस लगातार दूसरी बार टोंक में चेयरमैन बनाएगी। इसके लिए पार्टी वफादार और कर्मठ कार्यकर्ताओं को टिकट देगी। चुनाव लड़ने के इच्छुक कार्यकर्ताओं को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन पहले पीसीसी से डीसीसी तक आएगा। इसके बाद राय-मशवरे के आधार पर टिकट का वितरण किया जाएगा।
युवाओं को आगे बढ़ाने से बदलेंगे टिकट के समीकरण
जिलाध्यक्ष के बयान के राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं। पार्टी अगर 50 फीसदी टिकट युवाओं को देने का फार्मूला लागू करती है तो निकाय और पंचायत चुनाव में टिकट के दावेदारों के मौजूदा समीकरण बदल सकते हैं। कांग्रेस की कोशिश युवाओं को संगठन और चुनावी राजनीति में ज्यादा भागीदारी देकर नए मतदाताओं को जोड़ने की भी मानी जा रही है। अब देखना होगा कि पार्टी हाईकमान जिलाध्यक्ष के 50 फीसदी टिकट वाले दावे पर क्या फैसला करता है।
राजीव गांधी की जयंती मनाई, पदचिन्हों पर चलने का आह्वान
कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने जिला कांग्रेस कार्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती मनाई। इस दौरान नेताओं ने उनके चित्र पर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से राजीव गांधी के पदचिन्हों पर चलने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरिप्रसाद बैरवा, मीडिया प्रभारी जर्रार खान, महमूद शाह, देवकरण गुर्जर, सेवादल अध्यक्ष अब्दुल खालिक, खेल प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष इम्तियाज खान, मनिंदर बैरवा, मोहम्मद शकील और शबाना बी सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने अपने विचार रखे।






