
झिराना टोल प्लाजा पर सांवरिया सरकार सेवा समिति द्वारा तीसरे विशाल भंडारे का भव्य शुभारंभ किया गया। धार्मिक एवं सामाजिक सरोकारों को समर्पित इस आयोजन की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। पूजा के उपरांत महाआरती की गई, जिसके बाद आमजन और दूर-दराज से आए पदयात्रियों के लिए महाप्रसाद का वितरण प्रारंभ हुआ।
समिति के पदाधिकारी महेंद्र सैनी ने बताया कि सांवरिया सरकार की कृपा से यह विशाल भंडारा हर वर्ष आयोजित किया जाता है। उन्होंने जानकारी दी कि भंडारे में आने वाले श्रद्धालुओं और पदयात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। पदयात्रियों की थकान दूर करने के लिए ठंडे जलपान, छायादार विश्राम स्थल और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की समुचित व्यवस्था की गई है।
भंडारे के शुभारंभ के मौके पर भक्तिमय माहौल बना रहा। समिति के कार्यकर्ता गोपाल लाल, दिनेश, शिवलाल और घासी ने व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करने में सक्रिय योगदान दिया। इस दौरान माली समाज के जिलाध्यक्ष पांचुलाल सैनी सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक, समाजसेवी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
सभी उपस्थित लोगों ने सांवरिया सरकार के दरबार में मत्था टेककर क्षेत्र में समृद्धि और शांति की कामना की। समिति सदस्यों ने बताया कि यह सेवा कार्य भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।





