
दूनी तहसील की ग्राम पंचायत घाड़ में गैर-मुमकिन पहाड़ सिवायचक भूमि पर हुए अवैध अतिक्रमण को 30 अगस्त को हटा दिया गया। प्रशासन ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में यह कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न की।
यह कार्रवाई माननीय उच्च न्यायालय राजस्थान में दर्ज डी.बी. सिविल रिट याचिका संख्या 19408/2025 के निर्णय और निर्देशानुसार की गई।
घाड़ के हल्का पटवारी ने बताया कि ग्राम घाड़ के खसरा नंबर 1555 (रकबा 6.90 हेक्टेयर) पर कुछ व्यक्तियों द्वारा अवैध अतिक्रमण किया गया था। पूर्व में नोटिस जारी किए जाने के बाद, तहसीलदार दूनी द्वारा गठित राजस्व टीम ने मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में मौके पर सीमाज्ञान करवाकर अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया पूरी की।
सुबह सात बजे कार्रवाई शुरू हुई। देवली उपखंड अधिकारी रुबी अंसार की मौजूदगी में चार जेसीबी मशीनों की मदद से विवादित भूमि पर बनी कई बड़ी इमारतों, मकानों और दुकानों को ध्वस्त किया गया। इस दौरान लाखों रुपये के निर्माण को हटाया गया। मौके पर भीड़ जमा हो गई थी, जिसे पुलिस ने तितर-बितर किया।
इस दौरान देवली उपखंड अधिकारी रुबी अंसार, देवली पुलिस उपाधीक्षक मदन ढाका, देवली विकास अधिकारी रोशन मीणा, दूनी तहसीलदार अजय कुमार पांडे, राधेश्याम मीणा और घाड़ थाना प्रभारी हरीराम वर्मा सहित अग्निशमन विभाग की टीम मौजूद रही।
तहसीलदार दूनी द्वारा गठित 8 सदस्यीय राजस्व टीम, जिसमें भू.अ.नि. सूरजबू, जसवंत सिंह, बाबूलाल मीणा और पटवारी प्रियंका मीणा, वेणी प्रसाद नागर, बुद्धि प्रकाश मीणा, योगेंद्र योगी व भंवर सिंह शामिल थे, ने पूरी कार्रवाई का जिम्मा संभाला। कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस थाना घाड़ की ओर से पर्याप्त पुलिस जाब्ता (पुरुष व महिला कांस्टेबल) भी तैनात रहा।
अतिक्रमण हटाने के लिए विकास अधिकारी पंचायत समिति देवली के सहयोग से जेसीबी मशीनों और अन्य आवश्यक संसाधनों की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी।






