
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर जयपुर के गोविंददेव जी मंदिर, अक्षयपात्र मंदिर, राधा दामोदर मंदिर समेत कई मंदिरों में भक्तों की भीड़ है। गोविंददेवजी मंदिर में दर्शनों के लिए डेढ़ किमी लंबी लाइन लग गई। देर रात 2 बजे से ही भक्तों का आना शुरू हो गया था। सुबह 4 बजे मंगला आरती के साथ दर्शन शुरू हो गए।
मंदिर में रात 12 बजे श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इससे पहले ठाकुर श्रीजी का पंचामृत अभिषेक होगा। छह वेदपाठी पंडितों की ओर से वेद पाठ किया जाएगा। इसके बाद पंचामृत अभिषेक होगा। अभिषेक के लिए 425 लीटर दूध, 365 किलो दही, 11 किलो घी, 85 किलो बूरा और 11 किलो शहद की व्यवस्था की गई है।
जन्माष्टमी की रात 10 से 11 बजे तक श्रीकृष्ण जन्माष्टमी व्रत कथा का पाठ होगा। रात 12 बजे 31 तोपों की हवाई गर्जना और विशेष आतिशबाजी के साथ जन्मोत्सव मनाया जाएगा।
राधा दामोदर मंदिर में दिन में मनाया जन्मोत्सव
वहीं चौड़ा रास्ता स्थित राधा दामोदर मंदिर में परंपरा के अनुसार दोपहर 12 बजे ही जन्मोत्सव मनाया गया। यहां जन्मोत्सव के बाद आतिशबाजी होनी थी लेकिन बारिश के कारण ऐसा नहीं हो पाया।
गोपीनाथजी मंदिर, अक्षयपात्र, अक्षरधाम और इस्कॉन मंदिर में भी जन्माष्टमी को लेकर विशेष आयोजन और तैयारियां चल रही हैं। मंदिरों में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
मंदिरों में के दर्शन के लिए लगी भीड़,PHOTOS

राधा दामोदर मंदिर में भगवान के बाल स्वरूप का दुग्धाभिषेक करते हुए।

गोविंददेव जी की आरती करते हुए पंड़ित।

गोविंददेवजी मंदिर में श्रद्धालुओं की लगी कतारें।

गोविंददेवजी मंदिर में श्रद्धालुओं की लगी कतारें।

श्री गोपीनाथ जी मंदिर में भगवान को विशेष घड़ी धारण कराई गई, जिसे देखकर श्रद्धालुओं में भी खास उत्साह नजर आया।

श्री गोपीनाथ जी मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे।

खाटूश्यामजी मंदिर में बाबा का फूलों से शृंगार किया गया है।





