
घाड़ क्षेत्र के प्रसिद्ध खेडेश्वर महादेव मंदिर जाने वाले मार्ग पर स्ट्रीट लाइटें बंद होने से श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सावन मास और आगामी प्रदोष पर्व को देखते हुए यह समस्या और गंभीर हो गई है। ग्राम पंचायत द्वारा लगाई गई ये लाइटें काफी समय से खराब पड़ी हैं।
श्रावण मास के दौरान खेडेश्वर महादेव मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में शिव भक्त दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु देर रात तक मंदिर में रुकते हैं। मार्ग पर अंधेरा होने के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को आवागमन में विशेष कठिनाई हो रही है, जिससे किसी अप्रिय घटना की आशंका भी बनी हुई है।
खेडेश्वर महादेव मंदिर समिति ने बताया कि सोमवार को प्रदोष का पावन पर्व है। इस अवसर पर भगवान भोलेनाथ का भव्य अभिषेक और महाप्रसाद (अन्नकूट) के विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों में शामिल होने के लिए देर रात तक बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

खेडेश्वर महादेव मंदिर।
मंदिर समिति ने इस गंभीर स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए ग्राम पंचायत प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। समिति ने आग्रह किया है कि प्रदोष पर्व से पहले ही मार्ग की खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त किया जाए, ताकि श्रावण मास और आगामी आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और प्रकाश व्यवस्था सुचारू रहे।






