
मंगलवार को खिड़गी गांव भक्ति और आस्था के रंग में डूबा रहा। भगवान कल्याण जी के जयकारों के साथ गांव से डिग्गी कल्याण के लिए पहली पदयात्रा शुरू हुई। इस दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
भव्य झांकी के साथ निकली इस पदयात्रा में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पदयात्रा समिति के पवन चौधरी ने बताया कि यात्रा शुरू होने से पहले ठाकुरजी मंदिर में पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने पदयात्रा के ध्वज की पूजा कर यात्रा के सफल होने की कामना की।
इसके बाद एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में भगवान कल्याण जी की खास झांकी सजाई गई। यह आकर्षक झांकी श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रही।
ठाकुरजी मंदिर से पूजा के बाद पदयात्रा का जुलूस निकला। पदयात्रा के आगे ध्वज और पीछे भगवान कल्याण जी की झांकी चल रही थी। जैसे ही जुलूस गांव की गलियों से गुजरा, पदयात्रियों के जयकारों से खिड़गी गांव गूंज उठा। इस जुलूस में सैकड़ों ग्रामीण भी शामिल थे।
गांव में ग्रामीणों ने झांकी पर फूल बरसाए और भगवान कल्याण जी की आरती की। श्रद्धालुओं ने दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान गांव में जगह-जगह श्रद्धालुओं की भीड़ दिखी, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।
इस पदयात्रा में युवाओं के साथ बुजुर्ग और अन्य ग्रामीण भी उत्साह से शामिल हुए। गांव से डिग्गी कल्याण के लिए यह पहली पदयात्रा थी, जिसे लेकर लोगों में खास उत्साह था। इस धार्मिक आयोजन ने गांव में भाईचारे और श्रद्धा का माहौल भी बनाया।
पूजा और स्वागत कार्यक्रम के बाद सभी पदयात्री भगवान कल्याण जी के दर्शन के लिए डिग्गी रवाना हो गए। वहां मंदिर के शिखर पर पदयात्रा का ध्वज विधि-विधान से चढ़ाया जाएगा।





