टोंक, 10 घंटे पहले

युसुफपुरा (चराई) स्थित देवनारायण राजकीय बालिका आवासीय स्कूल में शनिवार को कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला की जयंती मनाई गई। जिसमें वक्ताओं ने बैंसला के संघर्ष और समाजहित के कार्यों को याद करते हुए बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।

राजकीय कन्या महाविद्यालय सवाई माधोपुर के प्राचार्य डॉ. विजय सिंह मावई ने कहा कि बैंसला की हिम्मत, मेहनत और नीयत से प्रेरणा लेकर समाजहित में काम करना चाहिए। उन्होंने बालिकाओं से शिक्षा के जरिए आगे बढ़ने का आह्वान किया। भूमि विकास बैंक सवाई माधोपुर के पूर्व चेयरमैन कमल सिंह मीणा ने बैंसला के योगदान को याद किया। खिरनी नगरपालिका के पूर्व चेयरमैन रूपसिंह ढोई ने उन्हें एमबीसी समाज का पुरोधा बताया। कमलेश हरिपुरा ने बैंसला से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। कस्तूरचंद देवपुरा ने उन्हें 21वीं सदी का महानायक बताया। व्याख्याता धारासिंह गुर्जर ने बालिकाओं से संस्कारयुक्त शिक्षा लेकर आगे बढ़ने की अपील की। लक्ष्मीनारायण गुर्जर ने बालिका शिक्षा से जुड़े बैंसला के संदेश बताए, जबकि अध्यापक प्रेमलाल फागना ने सामाजिक कुरीतियों को खत्म करने पर जोर दिया। देवनारायण आवासीय स्कूल में कर्नल बैंसला के जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में अतिथियों व भामाशाहों ने स्कूल विकास के लिए कुल 51,600 रुपए की राशि दी। डॉ. विजय सिंह मावई, कमल सिंह मीणा और रूपसिंह ढोई, कमलेश हरिपुरा व कस्तूरचंद देवपुरा, कमलेश लहन, धारासिंह गुर्जर, लक्ष्मीनारायण गुर्जर, सत्यनारायण गुर्जर और प्रेमलाल फागना ने सहयोग किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य घासीलाल गुर्जर ने की।




