टोंक, 5 घंटे पहले

अजमेर की एसडीआरएफ रेस्क्यू टीम ई-05 ने शुक्रवार को जन-जागरूकता व आपदा सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों और स्कूल स्टाफ को आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव एवं सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी गई।

राउमावि टोरडी में प्रशिक्षण के दौरान एसडीआरएफ टीम के हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार, कांस्टेबल भरत, राजेश, राजेंद्र, मुकेश, सुरेंद्र और इंद्रराज आदि ने पानी में डूब रहे व्यक्ति को रस्सा, बांस और कपड़े आदि की मदद से सुरक्षित बाहर निकालने के तरीके बताए।
डूबने के बाद बेहोश व्यक्ति की स्थिति जांचने, सांस सामान्य नहीं होने पर तुरंत मदद बुलाने और सीपीआर शुरू करने की सही प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इसमें छाती के बीच वाले हिस्से पर लगातार और प्रभावी तरीके से दबाव देने की तकनीक समझाई गई।
साथ ही प्राथमिक उपचार के जरूरी उपायों की जानकारी दी गई। टीम ने खुले बोरवेल से होने वाले हादसों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए उन्हें सुरक्षित तरीके से ढंकने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के उपाय बताए। प्रशिक्षकों ने कहा कि आपदा की स्थिति में घबराने के बजाय प्रशिक्षित तरीके से तत्काल मदद करना महत्वपूर्ण है।





