आगामी नगरीय निकाय और पंचायती राज आम चुनाव 2026 के मद्देनजर राजकीय महाविद्यालय उनियारा में ‘एक शाम स्वतंत्रता और लोकतंत्र के नाम’ थीम पर एक मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम इलेक्शन लिटरेसी क्लब (ELC) तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की प्रथम एवं द्वितीय इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का पहला चरण मतदाता जागरूकता गतिविधियों पर केंद्रित था। इलेक्शन लिटरेसी क्लब (ELC) प्रभारी मनीष कुमार नैनीवाल के निर्देशन में विद्यार्थियों के लिए रंगोली, पोस्टर निर्माण, स्लोगन लेखन, विशेष व्याख्यान और शपथ ग्रहण जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य युवाओं को मतदान के अधिकार और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना था। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पानमल पहाड़िया ने उपस्थित सभी विद्यार्थियों को निष्पक्ष होकर मतदान करने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत एक देशभक्ति जागरूकता रैली निकाली गई। प्राचार्य डॉ. पानमल पहाड़िया ने हरी झंडी दिखाकर रैली का शुभारंभ किया। इस दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की प्रथम इकाई के प्रभारी डॉ. विजय कुमार मीणा और द्वितीय इकाई के प्रभारी राजेश यादव ने रैली का नेतृत्व किया।
रैली के दौरान महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारे लगाए। इस आयोजन में महाविद्यालय का समस्त शैक्षणिक व गैर-शैक्षणिक स्टाफ, कर्मचारीगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।




